
छिंदवाड़ा। रक्षाबंधन त्योहार को देखते हुए जिले में आमजन को सुरक्षित और मिलावट रहित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने निगरानी और जांच अभियान तेज कर दिया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की चार टीमें जिले की सभी तहसीलों में लगातार निरीक्षण और नमूना कार्रवाई कर रही हैं। अपर कलेक्टर धीरेंद्र सिंह को अभियान का नोडल अधिकारी बनाया गया है। प्रदेश सरकार द्वारा एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद दूध और दूध से बने उत्पादों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभाग की टीमों ने बीते एक माह में पनीर उत्पादकों, दूध विक्रेताओं और मावा कारोबारियों के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया है। इसके अलावा अन्य जिलों से आने वाले खाद्य पदार्थों की भी जांच की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों गोपेश मिश्रा, रूपराम सनोडिया, पंकज कुमार घाघरे और संध्या मार्को की टीमों ने छिंदवाड़ा सहित परासिया, मोहखेड़, बिछुआ, तामिया, जुन्नारदेव, पांढुर्णा, सौंसर, चौरई और उमरेठ क्षेत्रों से दूध, पनीर, मावा सहित अन्य खाद्य पदार्थों के 200 से अधिक नमूने लिए हैं। कार्रवाई के दौरान 108 किलो संदिग्ध गोवर्धन घी भी जब्त किया गया। सभी नमूने जांच के लिए भोपाल प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
