
हनुमना, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह,पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत , उप पुलिस महानिरीक्षक हेमंत सिंह चौहान, कलेक्टर संजय कुमार जैन ने हनुमना क्षेत्र में विभिन्न शासकीय संस्थानों एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया.
अधिकारियों ने आमजन को बेहतर शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने तथा संस्थानों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए. कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने हनुमना तहसील के नवनिर्मित तहसील भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया. उन्होंने भवन के विभिन्न कक्षों, कार्यालयीन व्यवस्थाओं तथा परिसर का भ्रमण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि भवन का प्रत्येक कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप होना चाहिए. शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने तथा आवश्यक कमियों को प्राथमिकता से दूर करने के निर्देश दिए. कलेक्टर संजय कुमार जैन ने राजस्व अभिलेख कक्ष, न्यायालय कक्ष, कार्यालयीन कक्ष, प्रतीक्षालय, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, सहित परिसर की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया. उन्होंने निर्देश दिए कि तहसील भवन में आने वाले नागरिकों को सभी आवश्यक सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हों तथा कार्यालयीन कार्य सुचारु, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित किए जाएं. उन्होंने निर्माण एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए. इसी दौरान पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत एवं उप पुलिस महानिरीक्षक हेमंत सिंह चौहान ने थाना शाहपुर का निरीक्षण किया. पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन की उपस्थिति में अधिकारियों ने थाने की व्यवस्थाओं, अभिलेखों, परिसर एवं पुलिस कार्यप्रणाली का जायजा लिया. उन्होंने कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने, आमजन की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा पुलिस सेवाओं को संवेदनशील एवं प्रभावी बनाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए.
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हनुमना का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के कार्यक्रम के दौरान कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह एवं कलेक्टर संजय कुमार जैन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हनुमना का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई, मरीजों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं नागरिक हितैषी बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
