सिंगरौली : जिले के शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में शिक्षा विभाग ने जमीनी स्तर पर पहल तेज कर दी है। जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी ने अडानी फाउंडेशन के सीएसआर प्रमुख एवं ग्रामीणों के साथ देवसर विकासखंड के तिनगुड़ी संकुल क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कर मूलभूत सुविधाओं की वास्तविक स्थिति देखी और आवश्यक सुधारों को प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तिनगुड़ी में शौचालय, छत व फर्श की मरम्मत, विद्युतीकरण, वाटर कूलर तथा कक्षाओं में इंटरैक्टिव पैनल की आवश्यकता सामने आई। शासकीय प्राथमिक विद्यालय देवरा में शौचालय, बिजली, अतिरिक्त फर्नीचर, पेयजल और बाउंड्री की जरूरत चिन्हित की गई। शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय तलवा में शौचालय, विद्युतीकरण, फर्नीचर, पेयजल, अतिरिक्त भवन तथा चेन फेंसिंग की आवश्यकता पाई गई। पूर्व माध्यमिक विद्यालय उज्जैनी में बालक-बालिकाओं के लिए अलग शौचालय, छत मरम्मत, बिजली, फर्नीचर, पेयजल और बाउंड्री वॉल की जरूरत बताई गई।
मझौली एवं उज्जैनी में शौचालय बनाने पर जोर
जिला शिक्षा अधिकारी ने निरीक्षण किया, जिसमें शासकीय हाई स्कूल उज्जैनी में इंटरैक्टिव पैनल, पृथक शौचालय, छत मरम्मत, विद्युतीकरण और सोलर पैनल की आवश्यकता सामने आई। पूर्व माध्यमिक विद्यालय मझौली में पृथक शौचालय, छत मरम्मत व विद्युतीकरण तथा पूर्व माध्यमिक विद्यालय पचौर में पृथक शौचालय, छत मरम्मत और बिजली व्यवस्था को लेकर सुधार की जरूरत चिन्हित की गई। डीईओ ने विद्यालय प्रबंधन को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा चिन्हित कमियों को प्राथमिकता से दूर कराने की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। शिक्षा विभाग और अडानी फाउंडेशन द्वारा इन आवश्यकताओं का परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
