बारिश में जाम लगने वाले इलाकों पर रहेगी पुलिस की नजर

इंदौर: बारिश के दौरान शहर में जाम और यातायात अव्यवस्था से निपटने के लिए पुलिस ने व्यस्त और संवेदनशील इलाकों पर निगरानी बढ़ाने की तैयारी की है. बुधवार को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजेश कुमार सिंह ने यातायात अधिकारियों के साथ बैठक कर मैदानी व्यवस्था की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को दफ्तरों के बजाय सड़क पर नजर आने और समस्या वाले स्थानों पर तत्काल पहुंचकर व्यवस्था संभालने को कहा.
बैठक में पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार त्रिपाठी सहित यातायात के अधिकारी और मैदानी अमला मौजूद था. चर्चा में खास तौर पर बारिश के कारण बदलने वाली यातायात स्थिति और निर्माणाधीन ब्रिज के आसपास लगने वाले जाम को लेकर फोकस रहा. अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने पुलिस अधिकारियों को कहा है कि वे अपने अपने इलाकों में लगातार घूमकर देखें कि कहां वाहनों का दबाव बढ़ रहा है. जलभराव, सड़क निर्माण या ब्रिज निर्माण के कारण यातायात प्रभावित होने की स्थिति में मौके पर ही व्यवस्था बदली जाए, ताकि वाहन चालकों को ज्यादा देर जाम में न फंसना पड़े.
उन्होंने निर्माणाधीन ब्रिज और प्रमुख चौराहों पर यातायात संचालन की स्थिति की नियमित निगरानी करने के साथ पेट्रोलिंग बाइक और क्रेन को जरूरत के हिसाब से इस्तेमाल करने के निर्देश दिए हैं. व्यस्त इलाकों में यातायात बाधित होने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर रास्ता खुलवाने और वाहनों की आवाजाही सामान्य कराने पर जोर दिया. अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजेश कुमार सिंह ने नव भारत को बताया कि बारिश में जलभराव और निर्माण कार्य के कारण कई जगह यातायात प्रभावित होता है. अधिकारियों को ऐसे स्थानों पर लगातार नजर रखने और समस्या सामने आते ही मौके पर पहुंचकर यातायात सामान्य कराने के निर्देश दिए हैं.

Next Post

बिरयानी में अजीनोमोटो, मिर्च-सौंफ में रंग की आशंका

Thu Aug 20 , 2026
इंदौर: खाद्य सुरक्षा को लेकर मिली शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को भोलाराम उस्ताद मार्ग स्थित मीरा गार्डन के पास एक बिरयानी केंद्र का औचक निरीक्षण किया. जांच के दौरान यहां वेज बिरयानी, इडली-सांभर और उपमा का निर्माण व विक्रय होता मिला. प्रारंभिक जांच में […]

You May Like