बंगलादेश राष्ट्रपति चुनाव : आज मतदान, शुक्रवार को निर्वाचित राष्ट्रपति लेंगे शपथ

ढाका, (वार्ता) बंगलादेश में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान आज दोपहर को होगा और देश के नये चुने गये राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार शाम बंगभवन में आयोजित किया जायेगा।

यह जानकारी बुधवार को जातीय संसद (संसद) के मुख्य सचेतक मोहम्मद नुरुल इस्लाम मोनी ने दी।

बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) संसदीय दल की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने बताया कि मतदान स्थानीय समयानुसार दोपहर दो बजे से शुरू होकर शाम पांच बजे तक जातीय संसद के हॉल में चलेगा।

चुनाव आयोग और संसद ने फैसला किया है कि मतदान की पूरी प्रक्रिया का सीधा प्रसारण किया जायेगा।

राष्ट्रपति चुनाव में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी बीएनपी उम्मीदवार मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर और विपक्षी उम्मीदवार कर्नल (सेवानिवृत्त) ओली अहमद के बीच है।

मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर को बीएनपी के अलावा उनके सहयोगी दलों का समर्थन प्राप्त है, जबकि लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) के प्रमुख कर्नल (रिटायर्ड) ओली अहमद जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11 दलीय विपक्षी गठबंधन के साझा उम्मीदवार के रूप में मैदान में हैं।

मुख्य सचेतक ने कहा, “आप कल एक ऐतिहासिक पल देखेंगे। लोकतंत्र की एक नयी यात्रा शुरू होगी।”

चुनाव के बाद, नये चुने गये राष्ट्रपति शुक्रवार शाम 7:30 बजे बंगभवन (राष्ट्रपति भवन) में पद की शपथ लेंगे।

इस मतदान में कुल 349 सांसद वोट डालने के पात्र हैं। पिछले 35 वर्षों में यह पहला ऐसा राष्ट्रपति चुनाव होने जा रहा है, जिसमें एक से अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं, जिसके कारण संसदीय मतदान की आवश्यकता पड़ी है।

बीएनपी संसदीय दल की बैठक बुधवार को ढाका स्थित जातीय संसद भवन में आयोजित की गयी थी, जिसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री और सदन के नेता तारिक रहमान ने की। श्री मिर्जा फखरुल भी इस बैठक में शामिल हुए।

श्री नुरुल इस्लाम ने कहा कि बीएनपी ने लोकतांत्रिक चुनाव के माध्यम से सत्ता में लौटने से पहले तारिक रहमान के नेतृत्व में 17 वर्षों तक संघर्ष किया है।

उन्होंने कहा, “हम लोकतंत्र को स्थापित करना और इसे एक संस्थागत आकार देना चाहते हैं।” साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सरकार और विपक्ष दोनों ही लोकतंत्र को मजबूत करने और देश की प्रगति को बनाये रखने के लिए मिलकर काम करना चाहते हैं।

यह चुनाव यह तय करेगा कि बंगलादेश का 23वां राष्ट्रपति कौन बनेगा।

Next Post

स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने जारी की सलाह

Thu Aug 20 , 2026
चंडीगढ़, (वार्ता) बदलते मौसम के बीच चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग ने बुखार, खांसी या छींक जैसे लक्षण होने पर सार्वजनिक स्थानों पर जाने से बचने और चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की है।स्वास्थ्य विभाग के […]

You May Like

मनोरंजन