
इस्लामाबाद: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान से उनकी बहन नोरीन नियाजी और पत्नी बुशरा बीबी ने अडियाला जेल में मुलाकात की। यह मुलाकात सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश के बाद हुई, जिसमें अदालत ने इमरान खान को परिवार से नियमित मुलाकात की अनुमति देने और इलाज के लिए अस्पताल भेजने का निर्देश दिया था। नोरीन करीब नौ महीने बाद अपने भाई से मिलीं। दोनों के बीच लगभग 15 मिनट बातचीत हुई, जिसमें परिवार ने इमरान की सेहत के बारे में जानकारी ली और उन्हें सुप्रीम कोर्ट के आदेश की जानकारी दी। इसके बाद बुशरा बीबी ने भी इमरान खान से करीब 30 से 35 मिनट तक मुलाकात की। नोरीन अपनी बहनों अलीमा खान और उजमा खान के साथ जेल पहुंची थीं, लेकिन पुलिस ने तीनों को रोक दिया और बाद में केवल नोरीन को मिलने की अनुमति दी। मुलाकात के बाद नोरीन ने इसकी पुष्टि की, लेकिन अदालत के निर्देश के मुताबिक मीडिया से बात नहीं की।
सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान को मेडिकल जांच और इलाज के लिए शिफा इंटरनेशनल अस्पताल भेजने का आदेश दिया है। अदालत ने उनके इलाज के लिए मेडिकल बोर्ड बनाने को भी कहा है, जिसमें उनके निजी डॉक्टर और उनकी बहन डॉ. उजमा खान को शामिल किया जाएगा। जेल की मेडिकल रिपोर्ट में इमरान खान के ब्लड प्रेशर और तनाव को लेकर चिंता जताई गई थी। वहीं, पाकिस्तान सरकार ने इस आदेश को चुनौती देने की तैयारी की है। कानून मंत्री आजम नजीर तरार के मुताबिक, सरकार का मानना है कि आदेश के कुछ हिस्से मौजूदा कानूनों के अनुरूप नहीं हैं। सरकार का तर्क है कि आम तौर पर कैदियों का इलाज सरकारी अस्पतालों और निर्धारित सरकारी व्यवस्था के तहत किया जाता है। 73 वर्षीय इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं और उनके खिलाफ तोशाखाना, अल-कादिर ट्रस्ट समेत कई मामले चल चुके हैं। इमरान खान और उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ इन मामलों को राजनीतिक कार्रवाई बताती है, जबकि पाकिस्तान सरकार और जांच एजेंसियां इन्हें कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा बताती हैं।
