जबलपुर: पश्चिम मध्य रेलवे के बीना स्टेशन पर आगासौद-बीना तीसरी रेल लाइन को जोड़ने और यार्ड से जुड़े निर्माण कार्यों के चलते 20 सितंबर से 16 अक्टूबर के बीच रेल यातायात प्रभावित रहेगा। रेलवे ने अलग-अलग तारीखों में 16 ट्रेनों को पूरी तरह रद्द करने और 48 ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा भोपाल, रानी कमलापति और बीना से गुजरने वाली कुछ ट्रेनों के प्रारंभिक एवं अंतिम स्टेशनों में भी बदलाव किया गया है।
रद्द होने वाली ट्रेनों में भोपाल-ग्वालियर व ग्वालियर-भोपाल एक्सप्रेस, ग्वालियर-एसएमवीटी बेंगलुरु, ललितपुर-बीना, बीना-रुठियाई पैसेंजर, बीना-कटनी मुड़वारा, रानी कमलापति-संतरागाछी और भोपाल-दमोह ट्रेनें शामिल हैं। निर्माण कार्य के चलते कई लंबी दूरी की ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जाएगा। रानी कमलापति-रीवा एक्सप्रेस 8 से 14 अक्टूबर तक इटारसी-जबलपुर-कटनी होकर चलेगी। भोपाल-धनबाद और भोपाल-सिंगरौली ट्रेनें भी निर्धारित तिथियों में इटारसी-जबलपुर-कटनी साउथ-न्यू कटनी होकर संचालित होंगी। वहीं भोपाल-जोधपुर और जोधपुर-भोपाल ट्रेनें संत हिरदाराम नगर-मक्सी-नागदा-कोटा मार्ग से चलेंगी। हावड़ा-भोपाल और भोपाल-चोपन की कुछ सेवाओं को भी इटारसी-जबलपुर-कटनी साउथ-न्यू कटनी के रास्ते डायवर्ट किया गया है।
रास्ते में होंगी समाप्त
कुछ ट्रेनों को बीच रास्ते में ही समाप्त कर वापस रवाना किया जाएगा। बिलासपुर-भोपाल-बिलासपुर ट्रेन 6 से 14 अक्टूबर तक भोपाल के बजाय मालखेड़ी स्टेशन तक ही जाएगी और वहीं से बिलासपुर के लिए लौटेगी। इसी तरह भोपाल-बीना ट्रेन 7 से 15 अक्टूबर तक बीना के बजाय मंडीबामोरा तक संचालित होगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का संचालन, मार्ग और प्रारंभिक-अंतिम स्टेशन की स्थिति जांच लें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।
