
दमोह।दमोह विधायक जयंत मलैया ने उपमुख्यमंत्री व लोक स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेंद्र शुक्ला को पत्र सौंपकर जिला चिकित्सालय दमोह को 300 बिस्तर से 600 बिस्तर में उन्नयन करने की मांग की है।
विधायक मलैया ने पत्र में उल्लेख किया कि दमोह में मेडिकल कॉलेज शुरू होने के बाद मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी। ऐसे में मौजूदा 300 बिस्तरों वाले जिला अस्पताल पर मरीजों का अतिरिक्त भार बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि दमोह की जनता को बेहतर और अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें, इसके लिए जिला अस्पताल का विस्तार और आधुनिकीकरण आवश्यक है। नए बिस्तरों के साथ विशेषज्ञ डॉक्टर, उपकरण और अन्य संसाधनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
विधायक ने कहा, दमोह की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिले, यही हमारी प्राथमिकता है।उन्होंने उपमुख्यमंत्री से इस प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया।
