बुधनी। बारिश के चलते ग्राम पंचायत खांडाबड़ के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र यारनगर को जोडऩे वाला मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया. खांडाबड़ से यारनगर के बीच कालियादेव नदी पर बनी पुलिया का सड़क हिस्सा पानी के तेज बहाव में बह गया. इससे ग्रामीणों के सामने आवागमन का संकट खड़ा हो गया है.
यारनगर मुख्य सड़क से आठ किमी दूर है. सड़क क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के लिए आने-जाने में परेशानी हो रही है. ग्रामीणों के अनुसार तीन वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत खांडाबड़ से यारनगर तक सड़क का निर्माण कराया गया था. इसी मार्ग पर कालियादेव नदी में पुलिया का निर्माण भी किया गया था. हालांकि निर्माण के कुछ समय बाद ही बारिश के दौरान पुलिया की मजबूती को लेकर सवाल उठने लगे थे.
पिछले वर्ष भी तेज बारिश के दौरान पानी के दबाव से पुलिया का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था. उस समय ग्राम पंचायत द्वारा पत्थर और मिट्टी डालकर मार्ग को अस्थायी रूप से चालू कराया गया था. तेज बारिश के बाद पुलिया का सड़क हिस्सा फिर बह गया. ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बारिश में मार्ग क्षतिग्रस्त होने के बाद मिट्टी-पत्थर डालकर अस्थायी व्यवस्था कर दी जाती है.
