जबलपुर: जबलपुर लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने जहां अपने प्रत्याशी आशीष दुबे को चुनावी मैदान में उतार दिया है तो वहीं कांग्रेस अब भी प्रत्याशी के चयन में उलझी हुई है। कांग्रेस प्रत्याशी को लेकर चल रही अटकलों के बीच कांग्रेस की ओर से वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिनेश यादव का नाम लगभग तय होना बताया जा रहा है दावा किया जा रहा है कि अब सिर्फ घोषणा होना बाकी है। घोषणा के पहले ही सोशल मीडिया पर दिनेश यादव को बधाईयां देने का दौर जारी है। इतना ही नहीं उनके घर में भी बधाईयां देने समर्थकों का तांता लग रहा है। हालांकि अधिकारिक तौर पर दिनेश यादव के नाम की घोषणा होना बाकी है।
खुद के साथ लखन केे नाम का लिया फार्म
पूर्व नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके दिनेश यादव का नाम करीब करीब तय है। शुक्रवार को वह नामांकन फार्म लेने भी कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने स्वयं के साथ पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व विधानसभा से लखन घनघोरिया के नाम से नामांकन फार्म लिया है।
अब तक का राजनीतिक सफर
दिनेश यादव वर्ष 1984 में कांग्रेस बूथ अध्यक्ष चुने गए थे। वर्ष 1986 में डीएनजैन कॉलेज छात्र संघ अध्यक्ष भी रहे। 1988 में (जिला) महामंत्री नियुक्त किए गए। वर्ष 1990 में युवक कांग्रेस (जिला) उपाध्यक्ष बनाए गए। 1994 में महात्मा गांधी वार्ड पार्षद की जिम्मेदारी को निभाया। वर्ष 2000 में ब्लॉक अध्यक्ष, 2004 में नगर निगम नेताप्रतिपक्ष, 2009 में महापौर का चुनाव लड़ा, 2010 में शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष की कुर्सी संभाली। वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस महासचिव की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।