सिंगरौली। रात भर हुई तेज बारिश के बाद नदी-नाले और रपटे उफान पर हैं। इसी बीच सोमवार सुबह मोरवा रेलवे स्टेशन के पास मोरवा-चितरंगी मार्ग पर एक युवक तेज बहाव वाले नाले को बाइक से पार करने की कोशिश में हादसे का शिकार हो गया।
नाला पार करते समय अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और युवक बाइक समेत तेज बहाव में बहने लगा। मौके पर मौजूद एक युवक ने बिना देर किए पानी में छलांग लगाई और साहस दिखाते हुए बाइक सवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि उसकी मोटरसाइकिल तेज बहाव में बह गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नाले में पानी का बहाव काफी तेज था। इसके बावजूद बाइक सवार नाला पार करने की कोशिश कर रहा था।
लगातार बारिश के कारण गनियारी-देवरा मार्ग और डीह बाबा रोड की पुलिया भी उफान पर हैं। पानी का बहाव ज्यादा होने के कारण इन रास्तों पर आवागमन प्रभावित है।
मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को फिलहाल नहीं मिली थी। स्टाफ को मौके पर भेजकर मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान तेज बहाव वाले नालों, पुलों और रपटों को पार करने का जोखिम न लें।
