ग्वालियर:सुप्रसिद्ध उद्योगपति अनंत अंबानी बागेश्वर धाम पहुंचे, जहां उनका स्वागत बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने किया। धाम पहुंचने के बाद अनंत अंबानी ने पूरे श्रद्धा भाव से पूजा-पाठ में हिस्सा लिया। इस दौरान वह हाथ जोड़कर और आंखें बंद कर भगवान के सामने प्रार्थना करते नजर आए।बागेश्वर धाम में पहुंचने पर अनंत अंबानी को धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। उन्हें रुद्राक्ष की माला और पारंपरिक मुद्गर भी भेंट किया गया। इसके बाद दोनों ने पूरे मंदिर परिसर का भ्रमण किया और श्री बागेश्वर बालाजी, सन्यासी बाबा और प्रेतराज सरकार के दर्शन किए। दर्शन के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने धाम के धार्मिक महत्व और यहां की परंपराओं की जानकारी भी दी।
अनंत अंबानी और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने श्री बागेश्वर बालाजी की आरती की। इस दौरान देश, समाज और जनकल्याण की कामना की गई। इसके बाद दोनों यज्ञशाला पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रों के बीच विशेष हवन कराया गया। अनंत अंबानी ने पूरे विधि-विधान के साथ हवन में आहुति अर्पित की। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान वे पूरी श्रद्धा के साथ सभी प्रक्रियाओं में शामिल रहे। धार्मिक कार्यक्रम के दौरान अनंत अंबानी ने 11 कन्याओं का विधिवत पूजन किया और उन्हें दक्षिणा भेंट की।
