
ग्वालियर। शहर के भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्र में रात में एक तेज रफ्तार बेकाबू कार ने जमकर कहर बरपाया। हादसे में 7 से 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रॉक्सी पुल से महाराज बाड़ा जाने वाले मार्ग पर हुई।
जानकारी के अनुसार कार रॉक्सी पुल से महाराज बाड़ा की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे चल रहे राहगीरों और खड़े लोगों को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ जैसा माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने पाया कि कार चालक शराब के नशे में बुरी तरह धुत्त था। हादसे के बाद चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हादसे में शामिल कार को भी जब्त कर लिया है।
वहीं स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को एम्बुलेंस और निजी वाहनों से पास के अस्पताल पहुंचाया गया है।
