पिपलिया मंडी में नवांकुर सखियों ने निकाली हरियाली यात्रा, हाथों में पौधे व तिरंगा लेकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

पिपलियामंडी। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड मल्हारगढ़ द्वारा चयनित नवांकुर संस्था मंदसौर सुख समृद्धि वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में सेक्टर पिपलिया मंडी में नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के संभाग समन्वयक श्री शिवप्रसाद मालवीय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभिन्न नवांकुर संस्थाओं एवं प्रस्फुटन समितियों से जुड़ी मातृशक्ति ने सहभागिता की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संभाग समन्वयक शिवप्रसाद मालवीय ने कहा कि भारतीय संस्कृति सदैव प्रकृति एवं पर्यावरण के संरक्षण की संस्कृति रही है। हमारी परंपराओं में पेड़-पौधों से लेकर कचरे के स्थान, जिसे ग्रामीण क्षेत्रों में ‘गुड़ा’ कहा जाता है, तक के पूजन की व्यवस्था रही है। वर्षभर एकत्रित होने वाला जैविक कचरा खेतों में खाद के रूप में उपयोग होता है। शासन द्वारा चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को आगे बढ़ाते हुए मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की विभिन्न इकाइयों द्वारा बारिश के मौसम में वृहद पौधारोपण किया जा रहा है। उन्होंने सभी नवांकुर सखियों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया।

विकासखंड समन्वयक मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद मल्हारगढ़ पंडित विनोद गौड़ ने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति में प्रत्येक व्यक्ति को समाज और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का बोध कराया गया है। उन्होंने कहा कि समाज को संस्कार देने में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए सनातन संस्कारों एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता के लिए ऐसे आयोजन आवश्यक हैं।

कार्यक्रम की अगली कड़ी में संभाग समन्वयक शिवप्रसाद मालवीय की उपस्थिति में नवांकुर सखियों द्वारा हरियाली यात्रा निकाली गई। मातृशक्ति ने सिर पर कलश, हाथों में पौधे एवं तिरंगा लेकर यात्रा में सहभागिता की और पर्यावरण संरक्षण तथा हरियाली का संदेश दिया। यात्रा के पश्चात कलश के जल से भगवान शिव का अभिषेक किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित मातृशक्ति को पौधों का वितरण कर पौधारोपण एवं उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम का संचालन नवांकुर संस्था मंदसौर सुख समृद्धि वेलफेयर सोसाइटी के सचिव प्रांजल गुप्ता ने किया। इस अवसर पर प्रीतम शिक्षा एवं समाज कल्याण समिति के बद्रीलाल चौहान, सुनीति महिला मंडल की हेमलता पाटीदार, श्री श्री मां शक्ति सेवा संस्थान की राधिका तिवारी, नगर विकास प्रस्फुटन समिति पिपलिया मंडी की रेखा कुमावत, दुर्गा वाहिनी की तहसील संयोजक संगीता राठौर सहित संगीता नायर, अमीषा सुथार, सपना वर्मा, धापू वर्मा, अर्चना पंवार, ममता गुर्जर, किरण आहिर, पूजा तनेरा, रवीना गुर्जर, ज्योति सेठिया, टीना बोराना, शीला पंवार, भूरी बाई गुर्जर सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।

Next Post

सांसद श्रीमती अनिता चौहान का नवाचार: रामसिंह की चौकी में घर-घर लगाए सुरजना के पौधे

Sun Aug 16 , 2026
आलीराजपुर। पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण परिवारों को पोषण और स्वास्थ्य से जोड़ने की अभिनव पहल के तहत सांसद श्रीमती अनिता नागरसिंह चौहान के मार्गदर्शन में ग्राम रामसिंह की चौकी में विशेष वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान गांव के प्रत्येक घर के बाहर सुरजना (सहजन) के पौधे […]

You May Like