शहीद मेजर हमजा आरिफ की याद में सजा मुशायरा

इंदौर: जश्न-ए-आजादी के अवसर पर शुक्रवार रात इंदौर के माणिकबाग स्थित जमात खाने में एफआरके ग्रुप की ओर से विशेष मुशायरे का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से आए नामचीन शायरों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से देशभक्ति, भाईचारे और शहीदों की कुर्बानी को सलाम किया. मुशायरे में बड़ी संख्या में श्रोताओं ने शिरकत कर देर रात तक शायरी का आनंद लिया.

मुशायरे में चिराग शर्मा, इब्राहिम अली जिशान, नदीम फारुख, आशु मिश्रा और अब्दुल सलाम सहित देश के कई जाने-माने शायरों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया. शायरों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और आजादी के महत्व को रेखांकित किया. देशभक्ति से ओतप्रोत शायरी पर श्रोताओं ने जमकर दाद दी. कार्यक्रम को विशेष रूप से इंदौर के शहीद मेजर हमजा आरिफ की शहादत को समर्पित किया गया था। शायरों ने अपनी रचनाओं के जरिए शहीद मेजर हमजा आरिफ को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी वीरता व देश के प्रति समर्पण को याद किया.

शहादत पर फख्र
शायर नदीम फारुख ने कहा कि शहर को मेजर हमजा आरिफ की शहादत पर फख्र है। उन्होंने अपनी शायरी के माध्यम से शहीद हमजा आरिफ की वीरता और देशभक्ति की प्रशंसा में कसीदे पढ़े। उनकी प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भावुक कर दिया।

श्रोताओं ने भी सराहा आयोजन
मुशायरे में पहुंचे श्रोता तुषार गुप्ता ने कहा कि कार्यक्रम में उन्हें काफी आनंद आया. उन्होंने कहा कि देशभक्ति से ओतप्रोत शायरी सुनने और देश के नामी शायरों को अपनी आंखों के सामने प्रस्तुति देते देखने का अनुभव बेहद अच्छा रहा. उन्होंने इस तरह के आयोजनों को सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण बताया.
आयोजक मुजाहिद खान (मन्जु भाई) के अनुसार, मुशायरे का उद्देश्य आजादी के पर्व की भावना को साहित्य और शायरी के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ देश के लिए बलिदान देने वाले वीर जवानों को याद करना था. कार्यक्रम के दौरान देशप्रेम और सामाजिक सौहार्द का संदेश भी दिया गया

Next Post

किसानों ने निकाली ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा

Sat Aug 15 , 2026
इंदौर: प्रधानमंत्री के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के आह्वान के तहत शुक्रवार को इंदौर में किसानों द्वारा ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली गई. किसान युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र आंजना के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और ट्रैक्टरों पर तिरंगा ध्वज लगाकर देशभक्ति […]

You May Like