इंदौर: प्रधानमंत्री के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के आह्वान के तहत शुक्रवार को इंदौर में किसानों द्वारा ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली गई. किसान युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र आंजना के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और ट्रैक्टरों पर तिरंगा ध्वज लगाकर देशभक्ति का संदेश दिया.
यात्रा की शुरुआत शिवाजी वाटिका से हुई. यहां से किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ तिरंगा लेकर रवाना हुए. यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए भंवरकुआं पहुंची, जहां इसका समापन किया गया. पूरे यात्रा मार्ग में किसानों में खासा उत्साह नजर आया.
ट्रैक्टर चालक किसान लक्ष्मीनारायण चांगल ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा के लिए किए गए आह्वान से प्रेरित होकर किसानों ने यह आयोजन किया. उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है. किसानों ने यात्रा के माध्यम से देश के प्रति अपना सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना व्यक्त की.
किसान प्रेम चांगल ने कहां कि देश के विकास में किसान महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और राष्ट्रीय पर्व व देशहित से जुड़े अभियानों में किसान भी बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। ट्रैक्टरों पर लहराते तिरंगों के साथ निकली यात्रा ने शहर में देशभक्ति का माहौल बना दिया।
