छलकने को बेताब बरगी बांध, कभी भी खुल सकते हैं गेट

जबलपुर: रानी अवंति बाई लोधी सागर परियोजना बरगी बांध छलकने को बेताब है।‌ जल स्तर को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन किसी भी समय बांध के जल द्वार खोल सकता है। लगातार हो रही बारिश और बांध में पानी की भारी आवक को देखते हुए परियोजना प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है।प्रशासन के मुताबिक, बांध के जल द्वार खोलने से ठीक पहले आधिकारिक वायरलेस संदेश और व्हाट्सएप ग्रुप्स के माध्यम से आपातकालीन अलर्ट और सूचना जारी की जाएगी। ये पहली बार होगा। गेट खुलने के बाद माँ नर्मदा के घाटों पर अचानक 3 से 4 फीट तक पानी की बढ़ोतरी होगी।
78 प्रतिशत भरा बांध
बरगी बांध के कार्यपालन यंत्री राजेश सिंह ने बताया कि आज सुबह 8 बजे बांध का जल स्तर 420.15 मीटर दर्ज किया गया है। वर्तमान में बांध अपनी उपयोगी क्षमता का 78.36 प्रतिशत भर चुका है। कैचमेंट एरिया में हो रही लगातार बारिश के कारण बांध में 760 क्यूमेक पानी की प्रति सेकंड आवक हो रही है। मौसम विभाग के आगामी पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए प्रशासन अगले 24 घंटे के भीतर बांध से लगभग 1000 क्यूमेक जल की निकासी कर सकता है। बांध में पानी की आवक के अनुसार इस निकासी को कभी भी घटाया या बढ़ाया जा सकता है।
घाटों से बनाएं सुरक्षित दूरी
कार्यपालन यंत्री राजेश सिंह ने सर्वसाधारण, स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नर्मदा नदी के घाटों और निचले तटीय क्षेत्रों से तुरंत सुरक्षित दूरी बना लें। जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण नदी किनारे जाना जानलेवा साबित हो सकता है। प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से तटीय क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है।

Next Post

बीएचईएल में सीआईएसएफ की तिरंगा रैली

Sat Aug 15 , 2026
भोपाल। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को बीएचईएल, भोपाल में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) द्वारा तिरंगा रैली निकाली गई। रैली को बीएचईएल भोपाल के कार्यपालक निदेशक पी. के. उपाध्याय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) […]

You May Like