भोपाल। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को बीएचईएल, भोपाल में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) द्वारा तिरंगा रैली निकाली गई। रैली को बीएचईएल भोपाल के कार्यपालक निदेशक पी. के. उपाध्याय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) हेमराम पटेल, सीआईएसएफ के वरिष्ठ कमांडेंट शिवरतन सिंह मीणा, सहायक कमांडेंट (फायर) अस्थाना, महाप्रबंधक (एसओएम) राजेश कुमार अग्रवाल, महाप्रबंधक (डब्ल्यूई) आशीष औरंगाबादकर तथा अपर महाप्रबंधक (पीएंडपीआर) उपेन्द्र कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
रैली सीआईएसएफ वरिष्ठ कमांडेंट कार्यालय से प्रारंभ होकर औद्योगिक टाउनशिप के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरी। इस दौरान सीआईएसएफ जवानों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूकता फैलाते हुए लोगों से स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान किया। रैली में बीएचईएल के कर्मचारियों और सीआईएसएफ जवानों ने भाग लिया।
