लाहौर, पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले लाहौर के बादामी बाग इलाके में हथियारबंद बदमाशों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं, जिससे सब-इंस्पेक्टर आदिल और कांस्टेबल असद की मौके पर ही मौत हो गई। इसके कुछ ही देर बाद नवान कोट-यतीम खाना चौक पर हुए दूसरे हमले में घायल कांस्टेबल हारिस ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान
घटनास्थल के आसपास मिले सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीमों ने मुख्य संदिग्धों की पहचान रेहान बट और उसके पिता फैयाज बट के रूप में की है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह हमला एक पुराने पुलिस एनकाउंटर में मारे गए रेहान के भाई फैजान की मौत का बदला लेने के लिए किया गया है।
सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी कार्रवाई
गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मियों के पास से मिले बयानों के अनुसार, हमलावरों के पास एके-47 जैसे अत्याधुनिक हथियार थे। इस सनसनीखेज वारदात के बाद लाहौर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है और खुफिया एजेंसियों के सहयोग से आरोपियों की धरपकड़ के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है।

