सिंगरौली: जिले में गुरुवार रात करीब पांच घंटे हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। शुक्रवार सुबह भी सावन जैसी झड़ी लगी रहने से नदी-नाले उफान पर हैं और कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति गंभीर बनी हुई है। हरदी स्थित डॉक्टर्स कॉलोनी चारों ओर से करीब दो फीट पानी से घिर गई है। जलभराव के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित होने के साथ वाहन भी पानी में फंस रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार शासकीय नाले के जलप्रवाह में अवरोध के चलते पानी की निकासी बाधित हुई है। आरोप है कि नाले की भूमि अथवा बहाव क्षेत्र में निर्माण के कारण यह स्थिति बनी है।
इधर बाढ़ क्रमांक-41 गनियारी क्षेत्र में जोगिया बाबा तालाब भी फूटने के कगार पर पहुंच गया है। लगातार बारिश से सड़क धंस गई है। चौरा टोला-डिह बाबा रोड की पुलिया भी बह गई है और अब केवल पीसीसी का कुछ हिस्सा बचा है। वाहनों की आवाजाही जारी रहने से इसके भी टूटने का खतरा बना हुआ है। जिले की कई निचली बस्तियों में घरों तक पानी पहुंच गया है, जबकि पुरानी सब्जी मंडी बैढ़न की दुकानों में भी बारिश का पानी भर गया। लोगों ने प्रशासन से तत्काल जलनिकासी, क्षतिग्रस्त मार्गों की सुरक्षा और नालों से अवरोध हटाने की मांग की है।
