फैशन और परंपरा का दिखा अनोखा संगम

भोपाल: रेडिसन होटल में सोमवार रात फैशन और परंपरा का अनोखा संगम देखने को मिला। मौका था ऑरा बाय अनामिका की ओर से आयोजित वैवाहिक थीम वाले फैशन शो का। कार्यक्रम स्थल में रोशनियों की चमक, संगीत की धुन और रैम्प की भव्यता ने पूरे माहौल को उत्सव में बदल दिया। मंच पर उतरे 44 मॉडल्स ने भारतीय परिधान संस्कृति को जिस आत्मविश्वास के साथ पेश किया, वह दर्शकों के लिए खास आकर्षण बना।

शो की मुख्य थीम भारतीय विवाह की यात्रा पर आधारित थी। हल्दी से लेकर मेहंदी, शादी से लेकर विदाई तक हर अनुष्ठान को अलग राउंड में प्रस्तुत किया गया। हल्दी राउंड में चमकीले पीले परिधान और फूलों से सजे आभूषणों ने पारंपरिक उल्लास का सुंदर दृश्य बनाया। मेहंदी राउंड में हरे रंग की आभा और सूक्ष्म कढ़ाई ने मंच को और भी जीवंत किया।

शो की होस्ट और डिजाइन विशेषज्ञ अनामिका सिंह ने बताया कि हर राउंड को विवाह रस्मों की अनुभूति के अनुरूप तैयार किया गया है ताकि दर्शक भावनाओं को वस्त्रों में महसूस कर सकें।कार्यक्रम में महापौर मालती राय के साथ कई गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे जिससे आयोजन की गरिमा और बढ़ गई। इस फैशन शो की खास पहचान चंदेरी परिधान संग्रह रहा। पारंपरिक बुनाई और आधुनिक डिजाइन के मेल से तैयार इस संग्रह ने बताया कि मध्यप्रदेश की वस्त्र विरासत आज भी फैशन जगत में मजबूत उपस्थिति रखती है।

कार्यक्रम में मॉडल्स पारंपरिक जरी वाले लहंगों, शेरवानियों और मोती जड़ित आभूषणों में नजर आए। ब्राइडल क्राउन, भारी आभूषण और विस्तृत कढ़ाई ने मंच को राजसी छटा दी। विदाई राउंड में माहौल शांत और भावनात्मक हो गया जहां हल्के रंगों के परिधान और साधारण आभूषणों ने सादगी की सुंदरता दिखाई।

Next Post

नूतन कालेज में गोंडी नृत्य की विरासत को संजोने की पहल

Tue Dec 9 , 2025
भोपाल: सरोजिनी नायडू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार से सात दिवसीय गोंडी नृत्य कार्यशाला की शुरुआत हुई। कार्यशाला के पहले दिन ही परिसर में जनजातीय संस्कृति की जीवंत ऊर्जा देखने को मिली। छात्राओं में इस पारंपरिक नृत्य शैली को सीखने का उत्साह साफ नजर आया। आयोजन लोककला और बोली […]

You May Like