इंदौर: राष्ट्रीय त्यौहार 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई है. आज कलेक्टर ने तैयारियों का महेश गार्ड लाइन स्थित आरएपीटीसी ग्राउण्ड पर जायजा लिया. स्वतंत्रता दिवस समारोह में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट द्वारा ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली जाएगी. समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उद्बोधन का सीधा प्रसारण होगा.स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर कलेक्टर शिवम वर्मा ने आज कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया. उनके साथ अपर पुलिस आयुक्त राजेश कुमार सिंह तथा मयंक अवस्थी, अपर कलेक्टर रोशन राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.
कलेक्टर्स सामने समारोह की तैयारियों का पूर्वाभ्यास किया गया. पूर्वाभ्यास के दौरान पूर्ण गणवेश में विभिन्न प्लाटूनों ने परेड की. मुख्य समारोह में विभिन्न विभागों के 20 दल परेड में हिस्सा ले रहे हैं. साथ ही इस बार भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा. समारोह में बीएसएफ और प्रथम वाहिनी का बैंड भी आकर्षण का केन्द्र रहेगा. परेड का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त यश बिजोरिया करेंगे. उनका अनुकरण टूआईसी सूबेदार चन्द्रेश मरावी द्वारा किया जाएगा. कार्यक्रम के दौरान शासकीय उत्कृष्ट बाल विनय मंदिर इंदौर, शासकीय मालव कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और मॉर्डन इंटरनेशनल स्कूल इंदौर के विद्यार्थी देश भक्ति तथा लोकगीतों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देंगे. समारोह में वर्ष भर के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा.
