
दमोह। झारखंड में हक और न्याय की मांग कर रहे निर्दोष छात्रों पर हुए बर्बर लाठीचार्ज और पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में दमोह नगर के घंटाघर चौराहे पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया और राज्य सरकार की तानाशाही नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने छात्रों पर अत्याचार बंद करो हेमंत सरकार मुर्दाबाद और बर्बरता पर शर्म करो, शर्म करो के जोरदार नारे लगाए।परिषद के नेताओं ने कहा कि झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए अपने हक और रोजगार की मांग कर रहे युवाओं पर लाठियां बरसा रही है। लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठा रहे छात्रों पर पुलिसिया बर्बरता राज्य सरकार की कायरता को दर्शाती है, जिसे देश का छात्र समुदाय कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।
