
मुंबई, 13 अगस्त (वार्ता) देश की दूसरी सबसे बड़ी यात्री वाहन निर्माता टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (टीएमपीवी) को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में समेकित आधार पर 859 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ जो सालाना आधार पर 78.54 प्रतिशत कम है। कंपनी ने गुरुवार को निदेशक मंडल की बैठक के बाद वित्तीय परिणामों की घोषणा की। उसने बताया कि तिमाही के दौरान उसका कुल परिचालन राजस्व बढ़कर 95,799 करोड़ रुपये हो गया। यह एक साल पहले की समान तिमाही से 9.26 प्रतिशत अधिक है। टाटा और ब्रांड के अन्य वाहनों की बिक्री से कंपनी का राजस्व 17,930 करोड़ रुपये रहा। जगुआर लैंड रोवर से कंपनी को 76,705 करोड़ रुपये की कमाई हुई जो उसकी ही इकाई है।
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेश चंद्रा ने कहा कि पहली तिमाही में वित्त वर्ष 2026-27 की अच्छी शुरुआत हुई। मजबूत मांग और हाल में पेश किये गये वाहनों की सफलता के कारण संख्या के आधार पर वाहनों की बिक्री में 46 प्रतिशत का उछाल दर्ज किया गया। इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) में सबसे आगे रहते हुए कंपनी ने अपनी स्थिति और मजबूत की। ईवी की बिक्री 112 प्रतिशत बढ़कर 34 हजार इकाई पर पहुंच गयी। कंपनी ने बताया है कि 30 जून 2026 को उसके पास 10,900 करोड़ रुपये की नकदी थी जबकि उस पर कुल ऋण 2,900 करोड़ रुपये था। इस प्रकार उसके पास 8,000 करोड़ रुपये की शुद्ध नकदी थी।
