
भोपाल। कांग्रेस के मीडिया प्रमुख डॉ. मुकेश नायक ने भोपाल के बड़े तालाब में आयोजित तिरंगा यात्रा के दौरान मोटरबोट के इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के 2023 के आदेश का हवाला दिया है।
डॉ. नायक ने कहा कि तिरंगे का सम्मान हर भारतीय के दिल में है, लेकिन सवाल यह है कि यात्रा के दौरान मोटरबोट का इस्तेमाल क्यों किया गया, जबकि बड़े तालाब में मोटर से चलने वाली नौकाओं के संचालन पर प्रतिबंध संबंधी निर्देश बताए गए हैं।
उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री की नाव के अलावा सुरक्षा कर्मियों को ले जाने वाली मोटरबोट भी तालाब में संचालित होती दिखाई दीं। नायक ने पूछा कि क्या एनजीटी के निर्देश सरकार पर लागू नहीं होते हैं।
उन्होंने मांग की कि यदि मोटरबोट के संचालन के लिए कोई वैधानिक अनुमति या छूट दी गई थी, तो उसे सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने सवाल किया, “यदि अनुमति नहीं थी, तो एनजीटी के आदेश के उल्लंघन की अनुमति किसने दी?”
नायक ने कहा कि मुद्दा केवल मोटरबोट के इस्तेमाल का नहीं, बल्कि यह भी है कि मध्यप्रदेश में कानून चलेगा या राजनीतिक प्रभाव।
