इंदौर: पहले से बेचे जा चुके तीन भूखंडों का दोबारा सौदा कर 12 लाख रुपए लेने और विवाद सामने आने के बाद तीन लाख रुपए लौटाकर बाकी नौ लाख रुपए नहीं देने का मामला सामने आया है. चंदन नगर पुलिस ने जेल में बंद भू-माफिया जफर खान के खिलाफ धोखाधड़ी का एक और प्रकरण दर्ज किया है. ओल्ड राजमोहल्ला निवासी 46 वर्षीय मोहम्मद सज्जाद अंसारी ने चंदन नगर थाने में शिकायत की. उन्होंने पुलिस को बताया कि लक्ष्मी नगर एन-एक्स कॉलोनी के तीन प्लॉट का जफर खान पिता हनीफ खान ने उनसे सौदा किया था.
बाद में उन्हें पता चला कि उक्त प्लॉट पहले ही किसी अन्य व्यक्ति को बेचे जा चुके हैं. इस पर सज्जाद ने जफर से आपत्ति जताते हुए अपनी रकम वापस मांगी. जफर ने तीन लाख रुपए वापस कर दिए, लेकिन बाकी नौ लाख रुपए नहीं लौटाए और लगातार टालमटोल करता रहा. शिकायत के आधार पर पुलिस ने जफर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. चंदन नगर थाना प्रभारी तिलक करोले के मुताबिक, जफर खान के खिलाफ अवैध कॉलोनी काटने और जमीन संबंधी धोखाधड़ी सहित एक दर्जन से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं. इससे पहले मोहम्मद मुश्ताक खान की शिकायत पर दर्ज धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने जफर को गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल भेजा था. वह फिलहाल जेल में है.
