सतना: कृपालपुर स्थित शहीद पद्मधर पार्क में बुधवार को सतना के वीर सपूत एवं अमर शहीद लाल पद्मधर सिंह के शहीद दिवस पर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर योगेश ताम्रकार ने अमर शहीद लाल पद्मधर सिंह को पुष्पांजलि अर्पित की तथा उनके अद्वितीय साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को नमन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों एवं विद्यार्थियों ने देश की स्वतंत्रता, अखंडता एवं सम्मान की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया। महापौर ने कहा कि अमर शहीदों का बलिदान राष्ट्र की सबसे बड़ी प्रेरणा है। उनके त्याग, साहस और राष्ट्रप्रेम से नई पीढ़ी को देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर सिद्धार्श कुशवाहा विधायक सतना, सुरेंद्र सिंह गहरवार विधायक चित्रकूट, राजेश चतुर्वेदी स्पीकर नगर पालिक निगम, ब्रिगेडियर भूपेंद्र सिंह, ब्रिगेडियर देवेंद्र सिंह, स्मार्ट सिटी डायरेक्टर महेंद्र पांडे, एल्डरमैन समर सिंह, शैलेन्द्र सिंह आयुक्त नगर पालिक निगम, सत्यम मिश्रा उपायुक्त सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, एल्डरमैन, गणमान्य नागरिक, विद्यालयों के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
बच्चों ने दी भावपूर्ण प्रस्तुति
समारोह में विद्यालय के बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। विद्यार्थियों ने अपने विचारों, गीतों एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से शहीद लाल पद्मधर सिंह के जीवन, संघर्ष और राष्ट्रप्रेम को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। बच्चों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।
