कपड़े की दुकान में आग लगने से लाखों का सामान खाक

सीधी। जिले के सेमरिया बाजार में मंगलवार देर रात कपड़े की एक दुकान में आग लग गई। घटना में लाखों रुपए का कपड़ा जलकर राख हो गया। करीब 10 लाख रुपए का नुकसान बताया जा रहा है। घटनास्थल से बोतल और माचिस मिलने के बाद आगजनी की आशंका जताई जा रही है। घटना सेमरिया के रामगोपाल चौक, हनुमानगढ़ रोड स्थित अमृतलाल गुप्ता की सार्थक ड्रेसेस दुकान में हुई। दुकान मालिक को रात में आग लगने की जानकारी नहीं मिल पाई थी। आज बुधवार सुबह करीब 8 बजे जब अमृतलाल गुप्ता अपनी दुकान पहुंचे, तब उन्हें अंदर लगी आग का पता चला। आग की चपेट में आने से दुकान में रखे कपड़े सहित पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। अमृतलाल गुप्ता ने बताया कि दुकान में 6 लाख रुपए से अधिक का सामान था, जो पूरी तरह जल गया। इसके अलावा, दुकान की इमारत को भी काफी नुकसान पहुंचा है। कुल मिलाकर, दुकान और सामान को मिलाकर लगभग 10 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आग लगने की परिस्थितियों को संदिग्ध बताया जा रहा है, क्योंकि घटनास्थल पर एक बोतल और माचिस मिली है। दुकान मालिक का कहना है कि यदि आग स्वाभाविक रूप से नहीं लगी है, तो किसी ने जानबूझकर उनकी दुकान को निशाना बनाया हो सकता है।

इनका कहना है-

आग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है और जल्द ही मामले की स्थिति स्पष्ट की जायेगी ।

विवेक द्विवेदी , थाना प्रभारी सेमरिया

Next Post

सार्वजनिक बगीचे में जैन संत का अंतिम संस्कार, रहवासियों में आक्रोश 

Wed Aug 12 , 2026
इंदौर. बुधवार सुबह शहर के पश्चिम क्षेत्र में स्थित जैन कॉलोनी के सार्वजनिक बगीचे में बिना अनुमति जैन संत का अंतिम संस्कार कर दिया गया. इसकी जानकारी मिलते ही बगीचे में रहवासियों की भीड़ इकठ्ठा हो गई. लोगों ने उक्त घटना का विरोध करना शुरू कर दिया. मामले की जानकारी मिलते […]

You May Like