पुलिस देख भाग रहे तस्कर की बाइक फिसली, जेब से निकली एमडी

इंदौर: सुपर कॉरिडोर पर पुलिस को देखकर बाइक से भागने की कोशिश कर रहा युवक बाइक फिसलने से गिर गया. पुलिस ने उसे पकड़ा और तलाशी ली तो उसकी पैंट की जेब से 103.55 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली. पूछताछ के बाद क्राइम ब्रांच ने उसके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया. जब्त ड्रग्स की कीमत करीब 10.30 लाख बताई जा रही है.क्राइम ब्रांच की टीम रविवार को सुपर कॉरिडोर स्थित मेट्रो पिलर नंबर 210 के पास सर्विस रोड पर गश्त कर रही थी. इसी दौरान बिना नंबर की होंडा हॉरनेट पर एक युवक आता दिखाई दिया. पुलिस को देखकर वह घबरा गया और भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन बाइक फिसलने से वह गिर पड़ा. पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया. पूछताछ में उसने अपना नाम अयाज हुसैन उम्र 19 साल निवासी इंदौर बताया. तलाशी लेने पर अयाज की पैंट की बायीं जेब से पारदर्शी पन्नी मिली. इसमें भूरे रंग का दरदरा पदार्थ था. तौल और परीक्षण में यह 103.55 ग्राम एमडी ड्रग्स निकली. इसके बाद क्राइम ब्रांच ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया.

एक आरोपी मजदूर है, दूसरा बनाता है चूड़ियां
पूछताछ में अयाज की निशानदेही पर पुलिस ने 20 वर्षीय शाहनवाज निवासी इंदौर को भी गिरफ्तार किया. दोनों से ड्रग्स की खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि ड्रग्स कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था. क्राइम ब्रांच ने अयाज के कब्जे से बिना नंबर की काले रंग की होंडा हॉरनेट 125 सीसी बाइक भी जब्त की है. अयाज आठवीं तक पढ़ा है और मजदूरी करता है, जबकि शाहनवाज चूड़ियां बनाने का काम करता है.

तस्करी के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही पुलिस
डीसीपी क्राइम राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि ड्रग्स तस्करी मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों से पूछताछ कर ड्रग्स की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है. एक आरोपी अयाज के खिलाफ चंदन नगर थाने में वर्ष 2023 में आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज है. मामले में आगे की जांच जारी है

Next Post

संसद के मॉनसून सत्र के दौरान विपक्ष के भारी हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है

Tue Aug 11 , 2026
नई दिल्ली,  संसद के मॉनसून सत्र के 17वें दिन भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखा गतिरोध देखने को मिला है। राम मंदिर चढ़ावा चोरी और छात्र प्रदर्शनकारियों के मुद्दे पर विपक्षी सांसदों ने सदन में जोरदार हंगामा किया, जिसके कारण कार्यवाही को रोकना पड़ा। एनडीए की बैठक और […]

You May Like