कोई भी ताकत भारत को महाशक्ति बनने से नहीं रोक सकती: फडणवीस

मुंबई, (वार्ता) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कहा कि बाहरी और घरेलू ताकतें भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था को रोकने की साजहश कर रही हैं ,क्योंकि उन्हें डर है कि देश जल्द ही दुनिया की सबसे बड़ी महाशक्ति (सुपरपावर) बन जायेगा।

श्री फडणवीस ने स्वतंत्रता दिवस से पहले आज यहां आयोजित एक भव्य तिरंगा रैली का नेतृत्व किया। इस मौके पर उन्होंने अरब सागर के विशाल विस्तार और राष्ट्रीय ध्वज लिए नागरिकों के जन-सैलाब के बीच एक जबरदस्त समानता बतायी। उन्होंने जोर दिया कि भारत गर्व के साथ दुनिया की चौथी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बन गया है। देश के ऊर्जावान युवाओं की बड़ी आबादी के दम पर भारत सूचना प्रौद्योगिकी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर कड़ी टक्कर दे रहा है। भारत के आंतरिक मामलों में दखल देने की कोशिश करने वाले बाहरी तत्वों पर निशाना साधते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि उनमें भारत के देशभक्त युवाओं की प्रगति को रोकने की ताकत नहीं है।

अगले दो दशकों का लक्ष्य तय करते हुए मुख्यमंत्री ने 2047 तक ‘विकसित भारत’ के विजन को दोहराया। उन्होंने नागरिकों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नवभारत'(नये भारत) के विजन के तहत राष्ट्रीय हित में एकजुट होने का आग्रह किया।

नागरिकों को ‘अगस्त क्रांति दिवस’ (9 अगस्त-1942) की ऐतिहासिक विरासत की याद दिलाते हुए श्री फडणवीस ने कहा कि जहां वह ऐतिहासिक आंदोलन ब्रिटिश शासन के खिलाफ ‘भारत छोड़ो’का था, वहीं आज का संघर्ष एक विकसित राष्ट्र के लिए ‘करो या मरो’का आह्वान है।

 

 

Next Post

संयुक्त ट्रेड यूनियन एवं किसान मोर्चा ने किया सत्याग्रह

Tue Aug 11 , 2026
रीवा:संयुक्त ट्रेड यूनियन एवं संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा सरकार की गलत नीतियों और विभिन्न मांगों को लेकर सत्याग्रह करते हुए जुलूस निकाल कर रीवा कमिश्नर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा है.विभिन्न संगठनों द्वारा संयुक्त रूप से शहर के विवेकानन्द पार्क से संभागायुक्त कार्यालय तक जुलूस निकालकर कमिश्नर कार्यालय के […]

You May Like