
दमोह। देव श्री जागेश्वरनाथ धाम, बांदकपुर में सावन सोमवार के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान एक श्रद्धालु से अभद्रता करने के संबंध में व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी देने पर पुलिस अधीक्षक दमोह आनंद कलादगि (भापुसे) द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित आरक्षक को लाइन संबद्ध करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित आरक्षक के विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं, ताकि तथ्यों की निष्पक्ष जांच की जा सके तथा जिम्मेदारी निर्धारित की जा सके।पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने स्पष्ट किया कि पुलिस का कर्तव्य आमजन व श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा व सम्मान सुनिश्चित करना है। धार्मिक स्थलों व प्रमुख आयोजनों में ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों से संयमित, शालीन व संवेदनशील व्यवहार की अपेक्षा की जाती है।उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार या अनुशासनहीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। ड्यूटी के दौरान पुलिस आचरण व कर्तव्यों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
