नयी दिल्ली 10 अगस्त (वार्ता) सरकार ने ई-वीजा धारक विदेशी नागरिकों के देश में प्रवेश को सुगम बनाने के लिए 11 और अंतरराष्ट्रीय पोर्ट खोलने की अधिसूचना जारी की है।
गृह मंत्रालय ने सोमवार को एक वक्तव्य में कहा कि नए 11 अंतरराष्ट्रीय पोर्ट में 09 भूमि पत्तन और 02 हवाई अड्डे शामिल हैं। इससे देश में अंतर्राष्ट्रीय पोर्ट की संख्या 88 हो गयी है।
नए अंतरराष्ट्रीय पोर्ट शुरू करने के बाद इलेक्ट्रॉनिक वीजा और भी आकर्षक तथा उपयोगी हो गया है। विशेष बात यह है कि भारत लगभग 95 प्रतिशत ई-वीजा 72 घंटे से भी कम समय में जारी कर देता है। सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में वैध विदेशी यात्रियों की सुविधा के लिए वीजा व्यवस्था को उदार, सुव्यवस्थित और सरल बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की हैं और आंतरिक सुरक्षा को बढ़ाने के लिए तकनीकी बुनियादी ढांचे को भी मजबूती प्रदान की है।
देश में अब 37 हवाई अड्डे, 38 बंदरगाह और 13 भूमि पत्तन हैं। ई-वीजा सुविधा वर्ष 2014 में 43 देशों के नागरिकों के लिए शुरू की गई थी और अब यह सुविधा 172 देशों के नागरिकों के लिए उपलब्ध है। भारत लगभग 78 प्रतिशत वीजा इलेक्ट्रॉनिक वीजा के रूप में जारी करता है।
