
छिंदवाड़ा। कुंडीपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम उमरिया में एक 22 वर्षीय युवक द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लेने का मामला सामने आया है। जहर के प्रभाव से तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घ्पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उमरिया निवासी भारत बापरे (22) पिता सीताराम पाल ने अज्ञात कारणों के चलते विषाक्त पदार्थ गटक लिया। कुछ ही देर में जब उसे लगातार उल्टियां होने लगीं और हालत बिगड़ने लगी, तब परिजनों को घटना की भनक लगी। गंभीर अवस्था में उसे तत्काल जिला चिकित्सालय लाया गया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। अस्पताल की सूचना पर पहुंची कुंडीपुरा पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के पश्चात देह स्वजनों को सौंप दी। युवक ने यह आत्मघाती कदम किस वजह से उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
