
ओंकारेश्वर, रविवार को छुट्टी के दिन ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। करीब एक लाख श्रद्धालुओं ने भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन लाभ लिए। हजारों लोगों ने पवित्र नर्मदा नदी में स्नान कर पुण्य लाभ कमाया।
मंदिर में अभिषेक करने वाले भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। वीआईपी दर्शन के लिए भी लाइन देखी गई। वहीं सामान्य दर्शन में श्रद्धालुओं को 3 से 4 घंटे इंतजार करना पड़ा। ऑनलाइन बुकिंग सुबह ही फुल हो गई थी। भीड़ के कारण जगह-जगह जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली और पार्किंग के लिए जगह-जगह इंतजाम किए गए। मंदिर को फूलों से सजाया गया।
*सोमवार को निकलेगी भगवान की सवारी*
कल सोमवार को ज्योतिर्लिंग भगवान ओंकारेश्वर का आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा। मंदिर को फूलों से सजाया जाएगा और ज्योतिर्लिंग को भांग, मावा आदि से सजाया जाएगा।
शाम 4 बजे मंदिर से भगवान ओंकारेश्वर की सवारी निकलेगी। कोटि तीर्थ घाट पर पूजन-अर्चन के बाद नौका विहार होगा। दक्षिण मुखी होकर भगवान की सवारी गोमुख घाट पहुंचेगी, जहां ममलेश्वर भगवान का महाअभिषेक किया जाएगा।
नौका विहार के बाद दोनों पालकियां गोमुख घाट से काशी विश्वनाथ, बालवाड़ी, पुराना बस स्टैंड होते हुए जेपी चौक पहुंचेंगी। जेपी चौक से पुल पार कर पुराने बाजार से होकर रात्रि में सवारी ज्योतिर्लिंग मंदिर ओंकारेश्वर पहुंचेगी।
भगवान की सवारी का आनंद लेने के लिए हजारों भक्तों के ओंकारेश्वर पहुंचने की उम्मीद है।
