हांगकांग के भीड़ भरे बाजार से दिनदहाड़े 5.8 करोड़ येन की चोरी

हांगकांग, 30 जनवरी (वार्ता) हांगकांग के बेहद व्यस्त कारोबारी इलाके में शुक्रवार को दो लड़कों ने बेहद फिल्मी अंदाज में महज में कुछ ही पलों के भीतर 5.8 करोड़ जापानी येन पर हाथ साफ कर दिया और हवा की रफ्तार से गायब हो गए। हांगकांग की मीडिया के अनुसार यहां के शेंग वान का व्यस्त इलाका सुबह उस समय सनसनी से भर गया, जब इन हमलावरों ने नोटों को खरीदने बेचने का काम करने वाली एक करेंसी एक्सचेंज शॉप के बाहर भारी-भरकम रकम लूट ली। यह वारदात सुबह करीब पौने दस बजे ‘दे वो रोड सेंट्रल’ की एक इमारत के पास हुयी। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने पीड़ित से 5.8 करोड़ जापानी येन (लगभग साढ़े तीन करोड़ रूपये) छीन लिए।

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में पता चला है कि लुटेरों की उम्र काफी कम थी। इनमें से एक युवक महज 20 साल का और दूसरा तो किशोर ही लग रहा था। चश्मदीदों के मुताबिक, पैसों का थैला हाथ में लगते ही दोनों आरोपी पास ही खड़ी एक कार में सवार हुए और देखते ही देखते ट्रैफिक के बीच से ओझल हो गए। इस पूरी घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

इसी इलाके में पिछले महीने भी ऐसी ही एक दुस्साहसिक लूट हुई थी। दिसंबर में क्वीन रोड सेंट्रल पर चार हथियारबंद बदमाशों ने एक करेंसी एक्सचेंज शॉप को निशाना बनाकर एक अरब येन (करीब 60 करोड़ रूपये) की भारी-भरकम राशि लूटी थी। हालांकि पुलिस ने उस मामले में तत्परता दिखाते हुए 15 संदिग्धों को गिरफ्तार किया था, लेकिन इस घटना ने फिर से दहशत पैदा कर दी है। हांगकांग पुलिस कई टीमें बना कर फरार कार और उन दो युवाओं की तलाश में जुटी हैं। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि भागने के रास्ते और कार के नंबर का पता लगाया जा सके। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इन दोनों वारदातों के पीछे कोई एक ही बड़ा गिरोह है जो करेंसी एक्सचेंज की दुकानों पर निगाह रख रहा है।

Next Post

सोनू सूद ने देशभर में 16 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर बैन लगाने की मांग की

Fri Jan 30 , 2026
नयी दिल्ली, 30 जनवरी (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेता एवं समाजसेवी सोनू सूद ने सरकार से मांग की है कि वह देशभर में 16 वर्ष से कम आयु से बच्चों के सोशल मीडिया के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने पर विचार करे। सोनू सूद ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने पोस्ट में बच्चों […]

You May Like