सिंगरौली: नगर पालिक निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 38 ढोटी के जमुआ मार्ग इन दिनों सड़क की हालत देखकर मोहल्लेवासी ननि अधिकारियों के साथ-साथ पार्षद पर भी निशाना साधते हुये सड़क को ठीक कराए जाने की मांग कर रहे हैं।
दरअसल सीवरेज ठेकेदार ने बैढ़न शहर के सड़को को तहस-नहस कर दिया है। गली-मोहल्लों, यहां तक कि मुख्य मार्ग भी तहस-नहस है। किसी तरह मुख्य मार्ग के सीवरेज को ठीक किया, लेकिन बस्तियों, मोहल्लो के सड़को की हालत बेहद खराब है। आये दिन तस्वीरें सोशल मीडिया में मोहल्ले के लोग साझा कर वार्डो की समस्या से अवगत करा रहे हैं। कई वार्डवासी एवं स्कूली बच्चे कीचड़युक्त दल-दल सड़क को लेकर तरह-तरह के सवाल उठा रहे हैं। वार्ड क्रमांक 38 जमुआ मार्ग सड़क की हालत इस कदर है कि पैदल चलना भी मोहल्ले वासियों के लिए कठिन है। यहां भी सीवरेज ठेकेदार ने सड़क को तहस-नहस कर रखा है। सड़क में गड्ढे होने से पानी एवं कचरा जमा रहता है। वार्ड वासियों ने पार्षद पर उंगली उठाते हुये कहा कि बाते तो बहुत करते हैं, परंतु इनका काम बहुत कम दिखता है। कम से कम सड़क तो ठीक करा दीजिए। नाली कब ठीक होगी, इसपर कुछ कहा नही जा सकता। वार्डवासियों ने इस ओर निगमायुक्त का ध्यान आकृष्ट कराया है।
