भोपाल: साइबर अपराध की जांच में तकनीक और नवाचार के प्रभावी इस्तेमाल के लिए मध्यप्रदेश पुलिस को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। भोपाल साइबर क्राइम थाने के उपनिरीक्षक भरतलाल प्रजापति को एफसीआरएफ एक्सीलेंस अवॉर्ड-2026—एक्सीलेंस इन साइबर पुलिसिंग से सम्मानित किया गया है।यह पुरस्कार फ्यूचर क्राइम रिसर्च फाउंडेशन (एफसीआरएफ) द्वारा 6 और 7 अगस्त को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित फ्यूचरक्राइम समिट-2026 के दौरान प्रदान किया गया।
प्रजापति को यह सम्मान उनके द्वारा विकसित ‘इन्वेस्टिगेशन कैंप’ पहल के लिए दिया गया। इसका उद्देश्य साइबर और डिजिटल अपराधों की जांच के दौरान विवेचकों के सामने आने वाली व्यावहारिक तकनीकी चुनौतियों के समाधान विकसित करना तथा उन्हें फील्ड में उपयोग योग्य बनाना है।
इस पहल से डिजिटल साक्ष्यों के संकलन, तकनीकी विश्लेषण और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से प्राप्त सूचनाओं के उपयोग की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने में मदद मिल रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह सम्मान प्रजापति की व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ साइबर क्राइम टीम के सामूहिक प्रयासों और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन को भी रेखांकित करता है।
मध्यप्रदेश पुलिस साइबर अपराध से निपटने के लिए जागरूकता अभियानों के साथ तकनीक आधारित जांच, डिजिटल फॉरेंसिक, डेटा विश्लेषण और साइबर इंटेलिजेंस को मजबूत कर रही है। ‘सेफ क्लिक’ और ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियानों के अलावा ई-जीरो एफआईआर की शुरुआत से साइबर अपराधों की रिपोर्टिंग और त्वरित पुलिस कार्रवाई को आसान बनाने का प्रयास किया गया है।
