लक्ष्य तय करें और पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें- कमिश्नर

सीधी : मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने रामपुर नैकिन स्थित सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण कर कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं तथा नीट एवं आईआईटी-जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करते हुए आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर परिश्रम का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित नीट एवं आईआईटी-जेईई कोचिंग की जानकारी भी प्राप्त की। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कमिश्नर ने कहा कि कोई भी परीक्षा कठिन नहीं होती, यदि उसकी तैयारी सही दिशा और पूरी लगन के साथ की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी अपने जीवन का लक्ष्य स्पष्ट रूप से निर्धारित करे और पूरी एकाग्रता के साथ उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करता रहे।

सफलता उन्हीं को मिलती है जो अपने उद्देश्य के प्रति समर्पित रहते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में किसी भी प्रकार का डर, संशय या झिझक नहीं रखनी चाहिए। डर ही व्यक्ति का सबसे बड़ा शत्रु है। आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ कठिन से कठिन लक्ष्य भी प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। कमिश्नर ने कहा कि संसाधनों की कमी कभी भी सफलता के मार्ग में बाधा नहीं बनती। यदि व्यक्ति में दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत करने का जज़्बा हो तो सीमित संसाधनों में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। उन्होंने भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के जीवन का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों से उनके संघर्ष, अनुशासन और समर्पण से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कलेक्टर विकास मिश्रा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि ग्रामीण अंचलों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। विद्यार्थियों को अपनी क्षमता पर विश्वास रखते हुए बड़े लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए। जिला प्रशासन उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध करा रहा है। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने रामपुर नैकिन में निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालय भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निर्माण कार्य की गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं-

कमिश्नर ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। निर्धारित मानकों का पालन करते हुए भवन निर्माण कार्य नवंबर 2026 तक पूर्ण किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को शीघ्र ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक अधोसंरचना राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं तथा प्रत्येक विद्यार्थी को उत्कृष्ट शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इस दौरान नगर परिषद रामपुरनैकिन के अध्यक्ष रामकुमार साहू, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, उपखंड अधिकारी रामपुर नैकिन अजय शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी पीके सिंह सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

कलेक्टर ने आंगनवाड़ी में परखी बच्चों को दी जा रही शाला पूर्व शिक्षा की गुणवत्ता

Fri Aug 7 , 2026
नीमच: मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रारंभ किए जा रहे मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने शुक्रवार को मनासा तहसील के ग्राम पंचायत ढाकनी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों को दी जा रही शाला पूर्व शिक्षा की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों के […]

You May Like