ग्वालियर: महिला एवं बाल अपराधों के लंबित मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह (भापुसे) के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत झांसी रोड थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के मामले में करीब एक माह से फरार चल रहे आरोपी आलोक चढ़ार (20) को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में सह-आरोपी शैलेन्द्र वर्मा को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
मुखबिर से सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पूर्व) डॉ. शिवेश सिंह बघेल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। सीएसपी विश्वविद्यालय संदीप बांगरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक शक्ति सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हरिशंकरपुरम स्थित उसके जीजा के घर पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार 13 वर्षीय बालिका ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 जून को वह अपनी सहेली के साथ जंगल की ओर गई थी, जहां आरोपी आलोक चढ़ार और शैलेन्द्र वर्मा ने दोनों बालिकाओं से छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने धमकी भी दी। इस संबंध में झांसी रोड थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
