सिंगरौली । खुटार पुलिस चौकी क्षेत्र के चितरबई कला गांव के टीएचडीसी की ट्रांसमिशन लाइन से आठ लोहे के बिजली पोल चोरी होने का मामला अब कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह बताई जा रही है कि घटना सामने आने के एक सप्ताह बाद भी पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी गई। ऐसे में सरकारी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर टीएचडीसी कंपनी प्रबंधन की भूमिका सवालों के घेरे में आ गई है। जानकारी के अनुसार संबंधित ट्रांसमिशन लाइन का निर्माण लगभग एक वर्ष पहले पूरा हो चुका है और लाइन कंपनी के सुपुर्द है। ऐसे में इसकी सुरक्षा, निगरानी और रखरखाव की जिम्मेदारी भी कंपनी की ही मानी जा रही है। इसके बावजूद चालू लाइन से लोहे के पोल काटकर चोरी हो जाना और समय पर पुलिस को सूचना नहीं देना कई तरह की आशंकाओं को जन्म दे रहा है।
चोरी की सूचना न देने पर तरह-तरह की चर्चाएं
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में कबाड़ चोर सक्रिय हैं, इससे इनकार नहीं किया जा सकता। लेकिन सवाल यह है कि इतनी बड़ी सरकारी संपत्ति चोरी होने के बाद भी यदि कंपनी प्रबंधन तत्काल पुलिस को सूचना नहीं देता, तो आखिर इसके पीछे क्या वजह है, लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि वास्तविक कारण सामने आ सके। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी ट्रांसमिशन लाइन से चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बावजूद इसके सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के बजाय कंपनी की चुप्पी और लापरवाही चर्चा का विषय बनी हुई है।
