जबलपुर: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, जबलपुर महानगर के कार्यकर्ताओं ने गुरूवार को रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों की विभिन्न समस्याओं एवं विश्वविद्यालय में व्याप्त अनियमितताओं के विरोध में लगभग तीन घंटे तक जोरदार नारेबाज़ी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के माध्यम से परिषद के पदाधिकारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन का ध्यान छात्रों के समक्ष उपस्थित गंभीर समस्याओं की ओर आकर्षित किया।
इस दौरान विश्वविद्यालय में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर 7 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। परिषद ने ज्ञापन के माध्यम से विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रहितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समस्याओं का शीघ्र एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।
लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं से वंचित हो रहे छात्र
संगठन के प्रांत मंत्री सुव्रत बांझल ने कहा कि लंबे समय से छात्रों को परीक्षा, परिणाम, प्रशासनिक कार्यों तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विश्वविद्यालय के अनेक विभाग आज भी आधुनिक प्रयोगशालाओं, स्मार्ट कक्षाओं, डिजिटल संसाधनों, शोध सुविधाओं एवं अन्य आवश्यक अधोसंरचनाओं से वंचित हैं, जिससे गुणवत्तापूर्ण एवं व्यवहारिक शिक्षा का उद्देश्य प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शन के दौरान महानगर मंत्री आर्यन पुंज ,ऐश्वर्या सोनकर, अनमोल सोनकर , शोभित मिश्रा, लखन माँझी , प्रफुल तिवारी, आशुतोष पटेल, सत्यम पटेल ,तनिष्क पांडेय, आयुष बारी , आस्था खड़े , नैना सिंह सहित
बड़ी संख्या में पदाधिकारी व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
