8 साल की मासूम से दुष्कर्म के बाद हत्या, 7 घंटे में पकड़ा गया आरोपी 

नरसिंहपुर। थाना गोटेगांव क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां 8 वर्षीय मासूम बालिका से दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया गया। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चंद घंटों में ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

परिजनों के अनुसार 5 अगस्त को बालिका स्कूल से यह कहकर छुट्टी लेकर निकली थी कि उसके पिता ने उसे बुलाया है। लेकिन वह घर नहीं पहुंची। काफी तलाश के बाद परिजनों ने चौकी झौतेश्वर, थाना गोटेगांव में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

7 घंटे चला सर्च ऑपरेशन

तुरंत जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी गोटेगांव ने उक्त घटना के संबंध में अपने अधिकारियों को अवगत कराया और मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी और अस्पताल एएसपी संदीप भूरिया मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वॉड, एफ एस एल टीम और पुलिस बल ने जंगल, खेत और झाड़ियों में करीब 7-8 घंटे तक सर्च किया। देर रात गांव से 1.5 किमी दूर घने जंगल में बालिका का शव मिला। प्राथमिक जांच में दुष्कर्म के बाद हत्या की पुष्टि हुई है। हत्या दोपहर 2 से 3:30 बजे के बीच होना बताई जा रही है।

लाल शर्ट वाला…

जांच में पता चला कि बालिका को अंतिम बार अन्नू नामक व्यक्ति के साथ देखा गया था। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि लाल शर्ट पहने एक व्यक्ति उसे मोटर साइकिल पर जंगल की ओर ले जा रहा था। इसी सुराग पर पुलिस ने घेराबंदी की। आरोपी की पहचान गांव के ही अनिल यादव के रूप में हुई। पुलिस को देखकर वह बाइक से भागने लगा, लेकिन उसे पास के ही जंगल से दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया। हैरानी की बात ये कि घटना के बाद वह खुद भी ग्रामीणों के साथ बच्ची को खोजने का नाटक कर रहा था।

पॉक्सो और हत्या की धाराओं में केस

आरोपी पर धारा 87, 65(2), 03(1),5,6 पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इसे जघन्य अपराध की श्रेणी में रखकर एस आई टी जांच करेगी। पुलिस ने कहा कि मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

Next Post

कार से 39 पेटी अवैध शराब ले जाने वाले आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

Thu Aug 6 , 2026
दमोह।पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (भापुसे) द्वारा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु लगातार निर्देशित किया गया है। जिसके पालन में अति.पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के निर्देशन व एसडीओपी पथरिया के मार्गदर्शन में थाना पथरिया में पंजीबद्ध अपराध क्र.377/2026 ,धारा 34(2) आबकारी एक्ट में आरोपी ललित श्रीवास्तव व आकाश श्रीवास्तव गाड़ी […]

You May Like