
आलीराजपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला इकाई की जिला बैठक गुरुवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित हुई। बैठक में आगामी हर घर तिरंगा अभियान, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस और संत रविदास जयंती के कार्यक्रमों को लेकर रणनीति तैयार की गई। कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया गया।
बैठक में इंदौर संभाग प्रभारी एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत मुख्य अतिथि तथा जिला प्रभारी दिलीप पटोदिया विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। शुभारंभ भारत माता एवं पितृ पुरुषों के पूजन से हुआ। जिलाध्यक्ष मकू परवाल ने स्वागत भाषण देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
रणवीर सिंह रावत ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करता है। उन्होंने कहा कि देश के खिलाफ भ्रम फैलाने के प्रयासों का तथ्यात्मक जवाब देना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाया जा रहा हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है, जिसे जिले के प्रत्येक गांव और घर तक ले जाना होगा।
बैठक में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के आयोजन पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि देश के विभाजन की त्रासदी नई पीढ़ी को बताना आवश्यक है, ताकि राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति जागरूकता बढ़े। वहीं संत रविदास जयंती जिलेभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में पदाधिकारियों ने संगठनात्मक एवं जनसमस्याओं से जुड़े विभिन्न मुद्दे भी रखे। संभाग प्रभारी रणवीर सिंह रावत और जिला प्रभारी दिलीप पटोदिया ने समस्याओं को प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाकर समाधान के लिए पहल का आश्वासन दिया।
बैठक में जिला महामंत्री रिंकेश तंवर, मोंटू शाह, पूर्व विधायक माधोसिंह डावर, जिला पंचायत अध्यक्ष हजरीबाई खरत, युवा नेता विशाल रावत सहित जिला पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संचालन जिला उपाध्यक्ष जयपाल खरत ने किया तथा आभार जिला उपाध्यक्ष दीपक चौहान ने माना।
