भोपाल। किसानों और ग्रामवासियों की समस्याओं को लेकर संभागायुक्त ने बुधवार को जिला परिवहन अधिकारी पर नाराजगी जताई. यह नाराजगी बैरसिया से नरसिेंहगढ़ राजगढ़ की यात्री बसों के परमिट निरस्त किए जाने पर की. जिले की बेरिसिया तहसील क्षेत्र में पार्वती पुल बने पीडब्ल्यूडी के पुल लगभग चार साल पहले तोड़ा गया था. जिससे बैरसिया क्षेत्र के किसानों का आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है. वहीं बस संचालकों द्वारा डीजल बचाने के चक्कर में नियम विरुद्ध पार्वती नदी पर बने अस्थाई पुल से यात्रियों की जान जोखिम में डालकर बसें निकाली जा रही थीं, जिसके बाद जिला परिवहन अधिकारी जितेंद्र शर्मा ने इस रूट पर चलने वाली लगभग सभी बसों के परमिट रद्द कर दिए. जिसके चलते बैरसिया का नरसिंहगढ़ और राजगढ़ से संपर्क पूरी तरह से कट गया. जिसकी शिकायत गत दिनों ग्रामीणों ने संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा से कर दी. शिकायत मिलने के बाद संभाग आयुक्त ने भोपाल आरटीओ को तलब कर बसों का संचालन दो दिन के अंदर शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं. संभागायुक्त ने आरटीओ द्वारा बसों को बंद करने पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि इससे तो लोगों के आवागमन के सभी रास्ते ही बंद हो जाएंगे. यदि बस ड्राइवर नदी के बीच बने अस्थाई पुल से बसें निकाल रहे हैं, तो इसे बंद किया जाना चाहिए, और बसों का संचालन किसी दूसरे मार्ग से जारी रहना चाहिए, बता दें कि नरसिंहगढ़ के कई किसान अपने विभिन्न कामों को लेकर बैरसिया आते हैं, लेकिन बसों का संचालन न होने के कारण इन किसानों को परेशान होना पड़ रहा है.
