सिंगरौली: देवसर तहसील के ग्राम कुर्सा मैरहवा टोला में पुस्तैनी शासकीय आम रास्ते पर कथित अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है। दर्जनों ग्रामीण मंगलवार को जियावन थाने पहुंचे और आवेदन देकर आरोप लगाया कि सीमांकन के बावजूद कुछ लोगों ने शासकीय भूमि पर धान की रोपाई कर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया है। ग्रामीणों ने अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर मार्ग को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार आराजी क्रमांक 1434 शासकीय सड़क के रूप में दर्ज है। इस भूमि का 7 जुलाई 2026 को तहसीलदार देवसर की मौजूदगी में राजस्व अमले ने सीमांकन किया था। सीमांकन के दौरान संबंधित लोगों को शासकीय भूमि पर कब्जा न करने की चेतावनी भी दी गई थी। इसके बावजूद 3 अगस्त को भूमि की जोताई और 4 अगस्त को धान की रोपाई कर आम रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या पिछले पांच वर्षों से बनी हुई है। कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार सहित कई अधिकारियों से शिकायत के बाद भी स्थायी समाधान नहीं निकला। रास्ता बंद होने से हजारों ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चों, किसानों, बुजुर्गों और मरीजों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस तक गांव नहीं पहुंच पा रही है। ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर शासकीय मार्ग को बहाल कराने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
