22 वर्षीय युवक की हत्या के बाद बवाल, गिरफ्तारी की मांग पर सडक़ से एसडीओपी कार्यालय तक प्रदर्शन

जावरा। समीपस्थ ग्राम सिंदुरकिया में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात एक 22 वर्षीय युवक साहिल उर्फ शाहनवाज की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना बड़ावदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली हाटपिपलिया पुलिस चौकी की है, जहाँ ग्राम पंचायत भवन के पास पुराने कुएँ के रास्ते पर युवक का रंजिशवश शव पाया गया। मृतक पेशे से ड्राइवर था। घटना स्थल पर युवक का शव खून से लथपथ हालत में मिला तथा उसके कपड़े भी फटे हुए थे। सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। हत्याकांड के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने पर वे हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव के साथ जावरा स्थित एसडीओपी कार्यालय पहुँच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग फोरलेन पर जमा हो गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। लगभग ढाई घंटे तक चले इस प्रदर्शन में स्थानीय जनप्रतिनिधि, धर्मगुरु और नागरिक मौजूद रहे। शहर काज़ी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा 4 से 5 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार करने का ठोस आश्वासन दिया गया है, जिसके बाद उनके आग्रह पर प्रदर्शन समाप्त कर शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।

 

मृतक पर छेड़छाड़ की धारा के तहत हुआ था प्रकरण दर्ज

 

घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी संदीप मालवीय, बड़ावदा थाना प्रभारी संतोष चौरसिया, चौकी प्रभारी चंद्रशेखर डिगा सहित पुलिस बल मौके पर पहुँचा। बताया जा रहा है कि मृतक पर पूर्व में छेड़छाड़ की धारा के तहत प्रकरण दर्ज था। एसपी अमित कुमार के निर्देशन में एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल की टीमें साक्ष्य जुटाने में जुटी हैं। इधर, एसडीओपी संदीप मालवीय, के अनुसार घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Next Post

जिले को मिला नया मुखिया... कटेसरिया ने संभाली कमान

Tue Aug 4 , 2026
रतलाम। भारतीय प्रशासनिक सेवा 2012 बैच के आईएएस अधिकारी अजय कटेसरिया ने मंगलवार को रतलाम जिले के नवागत कलेक्टर के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। कलेक्टर कार्यालय पहुंचने पर जिला एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। कलेक्टर श्री कटेसरिया इससे पूर्व मध्यप्रदेश […]

You May Like