अमित शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर युवा कांग्रेस का मार्च

नयी दिल्ली, 04 अगस्त (वार्ता) युवा कांग्रेस ने मंगलवार को ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत उत्तर प्रदेश के रामपुर में गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध मार्च निकाला।

युवा कांग्रेस के प्रवक्ता वरुण पांडे के अनुसार युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदयभानु चिब ने इस दौरान युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मामले में श्री शाह को संसद में आकर जवाब देना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों पर पेलेट गन और घातक बल का प्रयोग किया गया, जिसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि यह कार्रवाई गृह मंत्री के निर्देश पर हुई है तो इसकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए और यदि श्री शाह की जानकारी के बिना यह घटना हुई है तो यह देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उनका संगठन छात्रों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान का हवाला देते हुए कहा कि छात्रों पर हमला करने वालों को सजा मिलनी चाहिए, जवाबदेही तय होनी चाहिए और न्याय सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

श्री चिब ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से श्री शाह को बर्खास्त करने, मामले की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में स्वतंत्र उच्चस्तरीय जांच कराने और नैतिक जिम्मेदारी लेने की मांग की और कहा कि जब तक ये मांगें पूरी नहीं होतीं, युवा कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। मार्च में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव विशाल चौधरी, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल हुए।

 

 

Next Post

बिदादी के किसानों को कर्नाटक हाईकोर्ट से अंतरिम राहत, भूमि अधिग्रहण पर लगायी रोक : निखिल कुमारस्वामी

Tue Aug 4 , 2026
बेंगलुरु, 04 अगस्त (वार्ता) कर्नाटक उच्च न्यायालय ने प्रस्तावित बिदादी शहरीकरण परियोजना का विरोध कर रहे किसानों को अंतरिम राहत देते हुए राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि जब तक मुआवजा तय नहीं हो जाता, तब तक भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे न बढ़ायी जाये। जनता दल सेक्युलर (जेडीएस) […]

You May Like