मुंबई, 04 अगस्त (वार्ता) कच्चे तेल में नरमी से रुपया मंगलवार को नौ पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 95.28 रुपये का बोला गया।
भारतीय मुद्रा लगातार आठवें दिन मजबूत हुई है। इन आठ दिनों यह 145 पैसे चढ़ चुकी है। पिछले कारोबारी दिवस पर यह छह पैसे की बढ़त में 95.37 रुपये प्रति डॉलर पर रही थी।
रुपया आज दो पैसे की तेजी के साथ 95.35 रुपये प्रति डॉलर पर खुला। यह ऊपर 95.25 रुपये और नीचे 95.42 रुपये प्रति डॉलर तक गया। अंत में 95.28 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल में नरमी रही। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा पांच प्रतिशत लुढ़ककर 80 डॉलर प्रति बैरल से नीचे उतर गया। इससे रुपये को समर्थन मिला।
