नवी मुंबई हवाई अड्डे से अंतरराष्ट्रीय मालवाहक उड़ान का परिचालन शुरू

नवी मुंबई, 04 अगस्त (वार्ता) नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अंतरराष्ट्रीय मालवाहक उड़ान का परिचालन भी शुरू हो गया है। इस हवाई अड्डे से पहली समर्पित अंतरराष्ट्रीय मालवाहक उड़ान गत 02 अगस्त को शारजाह के लिए रवाना हुई। हवाई अड्डे की संचालक कंपनी अडानी एयरपोर्ट्स ने मंगलवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में इंडिगो कार्गो द्वारा संचालित इस पहली मालवाहक उड़ान को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि करार देते हुए कहा कि इससे मुंबई महानगर क्षेत्र और पश्चिमी भारत के लिए एक नये एयर कार्गो गेटवे के रूप में हवाई अड्डे की भूमिका और मजबूत हुई है।

इस उड़ान में लगभग 20 टन कार्गो भेजा गया, जिसमें सामान्य माल और जल्द खराब होने वाली वस्तुएं शामिल थीं। इस खेप में मुंबई और अहमदाबाद से प्राप्त बॉन्डेड ट्रांसफर कार्गो भी शामिल था, जिसे बॉन्डेड ट्रकिंग व्यवस्था के माध्यम से नवी मुंबई एयरपोर्ट तक पहुंचाया गया था। प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह संचालन नवी मुंबई हवाई अड्डे के एकीकृत कार्गो इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस प्रणाली को घरेलू, अंतरराष्ट्रीय, एक्सप्रेस और ट्रांजिट कार्गो की आवाजाही को समर्थन देने के लिए विकसित किया गया है। हवाई अड्डे में शीघ्र खराब होने वाले सामान, फार्मास्यूटिकल्स, कीमती वस्तुओं, खतरनाक सामग्री तथा अन्य विशेष श्रेणी के कार्गो के प्रबंधन की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। हवाई अड्डे के प्रवक्ता ने कहा कि नवी मुंबई–शारजाह मालवाहक सेवा की शुरुआत मुंबई महानगर क्षेत्र में कार्गो संचालन के व्यापक विस्तार को गति देगी तथा अंतरराष्ट्रीय मालवाहक एयरलाइंस के लिए अतिरिक्त क्षमता और परिचालन लचीलापन उपलब्ध करायेगी।

.....

Next Post

टीबी मुक्त भारत' जनभागीदारी का राष्ट्रीय अभियान बन चुका : रेखा गुप्ता

Tue Aug 4 , 2026
नयी दिल्ली, 04 अगस्त (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘टीबी मुक्त भारत’ केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का राष्ट्रीय अभियान बन चुका है। श्रीमती गुप्ता ने आज यहां ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के तहत आयोजित कार्यक्रम […]

You May Like