देहरादून, प्रवर्तन निदेशालय (ED) के देहरादून कार्यालय ने बहुचर्चित BTCFUND.IS बिटकॉइन निवेश घोटाले में सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी हेमंत ईश्वर शर्मा की करीब 8.54 करोड़ रुपये की संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क कर लिया है। इस बड़ी कार्रवाई में आलीशान बंगला और लग्जरी बीएमडब्ल्यू कारें शामिल हैं।
फर्जी निवेश योजना और 200 करोड़ की ठगी
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने साल 2014 से 2018 के बीच फर्जी वेबसाइट के जरिए निवेशकों को भारी मुनाफे का लालच देकर लगभग 200 करोड़ रुपये की ठगी की थी। निवेशकों से ठगे गए इन पैसों को क्रिप्टो एक्सचेंजों के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग कर रियल एस्टेट और विलासिता की वस्तुओं में निवेश किया गया था।
आरोपी जेल में और आगे की जांच जारी
वर्तमान में मुख्य आरोपी हेमंत ईश्वर शर्मा देहरादून की सुद्धोवाला जेल में न्यायिक हिरासत में बंद है। ईडी इस मामले में पहले भी करोड़ों की संपत्तियां जब्त कर चुकी है और पीएमएलए अदालत में अभियोजन शिकायत दर्ज कराकर आगे की कानूनी जांच कर रही है।

